बक्सर। जीवित्पुत्रिका (जितिया) व्रत को लेकर शनिवार को बक्सर के रामरेखा घाट और नाथ घाट पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही महिलाएं घाटों पर पहुंचने लगीं और गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर अपने पुत्रों की सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।
व्रती महिलाओं ने स्नान के बाद भगवान जीमूतवाहन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी। शहर के विभिन्न मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जहां व्रतियों की भीड़ लगी रही। जितिया व्रत के दौरान माताएं निर्जला रहकर संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए कठिन व्रत करती हैं।
गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर नजर रखी गई।




