
बक्सर में पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग की ओर से बैठक आयोजित की गई। जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर सोमवार को अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सब ऑफिसर अरुण कुमार एवं अन्य कर्मियों ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
इस दौरान पंडालों में अग्निशमन यंत्र की समुचित व्यवस्था रखने, विद्युत वायरिंग एवं कनेक्शन को मानक के अनुरूप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन निकासी मार्ग को हमेशा खुला रखने तथा पंडाल के आसपास ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने को कहा गया। खुले दीपक व अन्य अग्नि स्रोतों के प्रयोग में सावधानी बरतने, बिजली के तारों को पानी और भीड़ से दूर रखने तथा ओवरलोडिंग से बचने की सलाह दी गई।
विभाग ने पूजा समिति के सदस्यों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन और आपातकालीन बचाव की जानकारी रखने की अपील की।



