बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में विधि-व्यवस्था एवं आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसपी शुभम आर्य समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
पूजा पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण और अग्निशमन उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया। जुलूस और शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग व समय का पालन कराने तथा आवश्यक अनुमति लेने का निर्देश दिया गया।
डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार कराने तथा अभद्र व आपत्तिजनक गीतों पर रोक लगाने को कहा गया। मूर्ति विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, प्रकाश, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित गश्ती और आवश्यकता के अनुसार फ्लैग मार्च कराने को कहा गया।
प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी को सक्रिय रखने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ सामग्री पर निगरानी कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।




