
शहर से सटे वीर कुंवर सिंह पुल से उत्पाद विभाग की टीम ने एक पिकअप से 864 लीटर शराब जब्त की है। बाजार मूल्य साढ़े दस लाख है। इस दौरान टीम ने वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया है। शराब की खेप वाराणसी से पटना ले जायी जा रही थी। पुलिस व उत्पाद विभाग की टीम को दिग्भ्रमित करने के लिए धंधेबाजों को शराब की खेप को गेहूं व अल्काइन कचरा के बीच छिपा कर रखा था।
गिरफ्तार वाहन चालक की पहचान यूपी के बलिया जिले के गरवार थाना क्षेत्र के मिठनापुर नवादा गांव निवासी राजेश राम के पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि रविवार की रात वीर कुंवर सिंह पुल पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। शराब की तस्करी रोकने के लिए एक-एक वाहन की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक पिकअप आया जिसकी जांच करने पर भूजा हुआ गेहूं का बोरा दिखाई दिया।
जिसके बाद वाहन की विधिवत जांच की गई। जांच में उत्पाद विभाग की टीम ने सौ कार्टन में शराब की बोतल बरामद की।




