बक्सर। चौगाई प्रखंड की नचाप पंचायत में मंगलवार को जिला पदाधिकारी साहिला की उपस्थिति में सेवा सेतु सह पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। डीएम साहिला ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमसंगत, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएम ने लाभुकों को राशन कार्ड और आवास की चाबी भी प्रदान की।




