बक्सर। वैश्विक शिव शिष्य परिवार, बक्सर के तत्वावधान में शनिवार को किला मैदान में शिव शिष्यता के जनक एवं प्रथम शिव शिष्य साहब श्री हरिंद्रानंद जी का 78वां पावन अवतरण दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।इस अवसर पर भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों शिव शिष्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को भगवान शिव को अपना गुरु बनाने और उनके बताए मार्ग पर चलकर जीवन को सुखमय एवं सुंदर बनाने के लिए प्रेरित करना था। ‘भगवान शिव को अपना गुरु बनाएं’ बैनर के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिव गुरु की शिष्यता पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान शिव चिरकाल से गुरु के पद पर आसीन हैं। साहब श्री हरिंद्रानंद जी ने भगवान शिव को गुरु मानने की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।इस मौके पर शिव कार्य समिति, बक्सर के अध्यक्ष एवं वैश्विक शिव शिष्य परिवार के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश कुमार दास ने कहा कि शिव की शिष्यता किसी जाति, धर्म या संप्रदाय की सीमा में बंधी नहीं है।
कोई भी व्यक्ति साहब श्री हरिंद्रानंद जी द्वारा बताए गए तीन सूत्रों के माध्यम से भगवान शिव को अपना गुरु बना सकता है। इसका मूल उद्देश्य मानव जीवन में सकारात्मकता, शांति और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है।कार्यक्रम के दौरान पूरे किला मैदान में आध्यात्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने शिव गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
मौके पर राजू प्रसाद, मदन सिंह, रजत प्रसाद, शमशेर बहादुर सिंह, हनुमान जी, राम अवध, कृष्ण कुमार यादव, श्री भगवान चौधरी, कुमारी अनीशा, कन्हैया प्रसाद, कमला देवी, पुष्पा देवी, निर्मला कुमारी, बेबी, ज्योति, ज्योति कुमारी, मंजू कुमारी, जितेंद्र कुमार, अजय चौबे, मनोज दुबे और राजकुमार सेठ सहित बड़ी संख्या में शिव शिष्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन चंदन कुमार ने किया।




