बक्सर। धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर शहर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रविवार को सदर डीएसपी कार्यालय में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव कुमार ने की। इसमें अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, रेड क्रॉस के सचिव श्रवण तिवारी व शहर के स्वर्ण व्यवसायी शामिल हुए।
बैठक में त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात नियंत्रण, दुकानों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यवसायियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की।
वहीं, व्यवसायियों से उनकी समस्याओं और सुझावों को लेकर फीडबैक लिया गया, ताकि त्योहार के दौरान आम लोगों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो।व्यवसायियों से मिले सुझावों के आधार पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष अशोक वर्मा, विनय वर्मा, अनूप कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे।
वही बता दे की दशहरा पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होने पर व्यवसायियों ने जिला प्रशासन व जिला पुलिस को धन्यवाद दिया।




