भागलपुर/मुंगेर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहार पुलिस मुख्यालय की आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद बुधवार को उनके भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर स्थित पांच अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई।
नारद कुमार दास योजना एवं विकास विभाग, बिहार सरकार में कार्यपालक अभियंता हैं। उनके खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच में उनके ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है।
यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है। आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने भागलपुर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ, मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर के सरकारी कार्यालय तथा मुजफ्फरपुर और पटना स्थित आवासों पर तलाशी शुरू की।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी की विस्तृत जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद दी जाएगी।




