बक्सर। बक्सर-धनसोई मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह चिरैयाटांड़ के समीप सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय वीरेंद्र कुमार, पिता काशीनाथ सिंह, के रूप में हुई है। वे धनसोई थाना क्षेत्र के दुल्फा पंचायत अंतर्गत ऊधोपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि शिक्षक की मौत की खबर से विद्यालय और परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।धनसोई थानाध्यक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार मूल रूप से राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव के निवासी थे।
वर्तमान में वे बक्सर में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। वे प्रतिदिन स्कूटी से विद्यालय आते-जाते थे। शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को चिरैयाटांड़ के समीप सड़क पर एक व्यक्ति के दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसाप्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार स्कूटी से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पत्नी भी हैं शिक्षिकावीरेंद्र कुमार की पत्नी मंजू देवी सिमरी प्रखंड क्षेत्र में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। पति की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




