बिहार के छह सम्मानित लोगों में एकमात्र महिला, मोटे अनाजों के बीजों और औषधीय पौधों के संरक्षण में योगदान के लिए मिला सम्मान; भाजपा नेता सुशील राय ने दी बधाई, उमरपुर गांव में खुशी।
बक्सर। जिले के उमरपुर गांव के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। गांव की पुत्रवधू डॉ. श्वेता राय को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बिहार कृषि सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। 27 अक्टूबर 2026 को पटना स्थित लोक भवन में आयोजित ‘किसान सम्मान एवं किसान सहयोग विमर्श’ कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने उन्हें सम्मानित किया।‘विकसित भारत @2047- कृषि: आत्मनिर्भरता से उद्यमिता की ओर’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आर्ट्स के राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख श्री रामलाल तथा बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
डॉ. श्वेता राय को बिहार में उन्नत कृषि के विकास तथा मोटे अनाजों के बीजों और औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूरे बिहार से केवल छह लोगों को इस सम्मान के लिए चुना गया, जिनमें डॉ. श्वेता राय एकमात्र महिला हैं।उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा नेता सुशील राय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. श्वेता राय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उमरपुर गांव के साथ-साथ पूरे बक्सर जिले के लिए गर्व की बात है। डॉ. श्वेता राय की उपलब्धि से गांव के लोगों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने भी उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।डॉ. श्वेता राय, स्वर्गीय पंडित अवधबिहारी राय की पौत्रवधू और डॉ. दिनेश राय की पुत्रवधू हैं। वह स्वर्गीय लाल बहादुर राय एवं डॉ. कमला राय की पुत्री हैं। शुरू से ही मेधावी रहीं डॉ. श्वेता राय ने अपनी सभी शैक्षणिक कक्षाएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। उन्होंने पीएचडी सहित अपनी उच्च शिक्षा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से पूरी की है।
डॉ. श्वेता राय को इससे पहले भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है। कृषि क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों और उपलब्धियों ने उमरपुर गांव को गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।




