बक्सर। सिकरौल थाना क्षेत्र के बसांव कला गांव में दुर्गापूजा के दौरान पुलिस ने देशी कट्टा रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके मोबाइल में देशी कट्टा के साथ फोटो मिली थी। उसके बाद उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली गई, जहां दीवार में बनी अलमारी से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार शनिवार की देर रात सिकरौल पुलिस क्षेत्र भ्रमण के दौरान बसांव कला पूजा पंडाल के पास पहुंची, जहां एक बाइक पर सवार तीन व्यक्ति मोबाइल देखते हुए संदिग्ध अवस्था में मिले। जांच के दौरान एक व्यक्ति के मोबाइल में देशी कट्टा के साथ उसकी फोटो मिली।
पूछताछ में उसकी पहचान बाबुगंज इंग्लिस गांव निवासी दीपनारायण चौधरी उर्फ दीपक कुमार, पिता सहेन्द्र चौधरी के रूप में हुई। उसने घर में देशी कट्टा रखने की बात स्वीकार की।इसके बाद पुलिस अधीक्षक, बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपित के घर की तलाशी ली, जहां दीवार में बनी अलमारी में छिपाकर रखा गया देशी कट्टा बरामद हुआ।
हथियार से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर स्थानीय थाना में युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई में एसडीपीओ भास्कर रंजन, अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष दिलीप यादव, डीआईयू टीम डुमरांव और सिकरौल थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।




