बक्सर में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग की बुधवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार, नदी का जलस्तर करीब 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। बुधवार सुबह गंगा का जलस्तर 59.09 मीटर दर्ज किया गया।
बक्सर में गंगा का चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर और खतरे का निशान 60.32 मीटर निर्धारित है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से महज 23 सेंटीमीटर नीचे है।
रामरेखा घाट की सीढ़ियां पानी में डूबीं
जलस्तर बढ़ने का असर बक्सर के प्रमुख घाटों पर दिखाई देने लगा है। रामरेखा घाट की सीढ़ियां पूरी तरह पानी में डूब गई हैं और गंगा का पानी विवाह मंडप तक पहुंच गया है।
लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। खासकर दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दियारा क्षेत्रों पर भी असर की आशंका
गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से जिले के दियारा क्षेत्रों में भी पानी पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा को देखते हुए रामरेखा घाट समेत प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। इसके अलावा सुरक्षा कारणों से नावों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है।
प्रशासन और स्थानीय स्तर पर लोगों से नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।




