डुमरांव । डुमरांव थाना क्षेत्र के सम्हार-महरौरा मार्ग पर शनिवार की सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान सम्हार गांव निवासी उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव के 30 वर्षीय पुत्र मुलायम सिंह यादव के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, मुलायम शनिवार की सुबह बाइक से डुमरांव जाने के लिए घर से निकला था। गांव के बाहर सरकारी बोरिंग के समीप महरौरा मार्ग पर अपराधियों ने उसकी कनपटी के पास गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के संबंध में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।




