बक्सर। जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-922 पर चंदा पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की देर रात करीब 11 बजे दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में पुराना भोजपुर निवासी धनजी साह, उनकी पत्नी और दूसरी बाइक पर सवार एक युवक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी कृष्णा शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को तत्काल मेथोडिस्ट अस्पताल, प्रतापसागर पहुंचाया। वहां घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। धनजी साह की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। वहीं, घायल महिला और दूसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।गलत दिशा में जाने के दौरान हुआ हादसाबताया जाता है कि धनजी साह अपनी पत्नी के साथ पुराना भोजपुर से मेला घूमने के लिए बक्सर जा रहे थे।
इसी दौरान चंदा पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल लेने के लिए बाइक से गलत दिशा में जाने के क्रम में बक्सर की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।दो-तीन मिनट में पहुंची राहत टीम समाजसेवी कृष्णा शर्मा ने बताया कि दुर्गा पूजा और मेले को लेकर सोमवार की शाम से ही बक्सर-डुमरांव मार्ग पर काफी भीड़ थी। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उनकी टीम शाम आठ बजे से रात एक बजे तक बक्सर गोलंबर से ढकाइच तक सड़क पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टोल प्लाजा की ओर से लौटते समय चंदा पेट्रोल पंप के पास दुर्घटना की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि घटना के महज दो से तीन मिनट के भीतर उनकी टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घायलों को अस्पताल ले जाते समय नया भोजपुर थाना पुलिस को भी सूचना दी गई।
पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में लींसूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपीलत्योहार और मेले के दौरान सड़कों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों से धीमी गति से वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन नहीं ले जाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।




