डीएम साहिला ने खेल के प्रति समर्पण और टीम भावना की सराहना की।
बक्सर। जिला प्रशासन की ओर से कुश्ती के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले पहलवान अविनाश कुमार को सम्मानित किया गया। सोमवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने उन्हें सम्मानित करते हुए जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में कुश्ती टीम को सहयोग प्रदान करने में उनकी भूमिका की सराहना की।इस अवसर पर डीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के लिए खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ टीम भावना भी महत्वपूर्ण होती है।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन के अलावा टीम के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग भी अच्छे परिणाम प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाता है।उन्होंने कहा कि अविनाश कुमार का योगदान खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे प्रयास युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करते हैं। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान अविनाश कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई गई कि वे आगे भी खेल जगत में योगदान देकर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।




