बक्सर। एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों ने डीएम साहिला और खेल पदाधिकारी आलोक वत्स के प्रति आभार जताया।प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में भागलपुर प्रमंडल विजेता और बीएसएसए उपविजेता रहा। अंडर-17 वर्ग में तिरहुत प्रमंडल ने पहला और सारण प्रमंडल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग में भागलपुर प्रमंडल विजेता और पटना प्रमंडल उपविजेता बना।
समापन समारोह में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों, सुरक्षा कर्मियों, मेडिकल स्टाफ, तकनीकी पदाधिकारियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और खेल कार्यालय के कर्मियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिला।




