बक्सर। स्टेशन रोड स्थित बक्सर मेडिसिन सेंटर पर गुरुवार को औषधि निरीक्षकों की टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान का औषधि लाइसेंस दिसंबर 2025 में ही समाप्त पाया गया। इसके बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए दुकान से 55 प्रकार की औषधियां जब्त की गईं।
छापेमारी के दौरान औषधि निरीक्षक संगीता कुमारी और औषधि निरीक्षक निर्भय कुमार गुप्ता मौजूद रहे। औषधि निरीक्षक संगीता कुमारी ने बताया कि विभाग से पत्र निर्गत होने के बाद छापेमारी की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि बिना वैध लाइसेंस के दवा दुकान संचालित करने वालों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में बिना लाइसेंस दवा दुकान संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी छापेमारी अभियान चलाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस कार्रवाई से बिना लाइसेंस दवा कारोबार करने वाले संचालकों में हड़कंप मचा है।




