डुमरांव। मधुबनी गोलीकांड का आरोपी एएसआई चंद्रमोहन राय बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना के चिलहरी गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस ने उसके सिर पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया है। उसकी गिरफ्तारी में लगी पुलिस ने बुधवार को चिलहरी स्थित उसके घर पर छापेमारी भी की, लेकिन वह नहीं मिला।
बता दें कि नया भोजपुर थाना के चिलहरी गांव निवासी बिहार पुलिस का एएसआई चंद्रमोहन राय फिलहाल मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थल बलिराज गढ़ पुलिस पिकेट पर तैनात था। वहीं बीते सोमवार की देर रात कथित रूप से उसे एक नाबालिग लड़की के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद ग्रामीण जुटे और एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से उन पर गोलियां दाग दी।
इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। इस घटना के बाद एएसआई वहां से फरार हो गया। मधुबनी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके सिर पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। लगे हाथ बक्सर पुलिस ने चिलहरी स्थित उसके घर पर बुधवार की सुबह दबिश दी, लेकिन परिवार के सदस्य वहां मौजूद नहीं मिले।
ग्रामीणों के अनुसार, फिलहाल एएसआई का परिवार गांव में नहीं रह रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि एएसआई के पिता भी पूर्व में हत्या के एक मामले में सजा काट चुके हैं। इधर, मधुबनी गोलीकांड के बाद से फरार चल रहे एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि, अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।




