जन्मदिन पर वरिष्ठ पत्रकार आलोक कुमार ने किया आर्थिक सहयोग और श्रमदान, वीर कुंवर सिंह चौक के समीप रैन बसेरा में चल रही सेवा।
बक्सर।
शहर के वीर कुंवर सिंह चौक के समीप रैन बसेरा में संचालित माई की रसोई जरूरतमंदों के लिए सहारा बन रही है। रविवार को यहां 600 से अधिक लोगों ने महज 10 रुपये में भरपेट भोजन किया। रसोई में जरूरतमंदों को सम्मान के साथ पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
रविवार को वरिष्ठ पत्रकार आलोक कुमार अपने जन्मदिन पर माई की रसोई पहुंचे। उन्होंने रसोई के संचालन के लिए आर्थिक सहयोग देने के साथ भोजन वितरण सहित अन्य कार्यों में श्रमदान भी किया। सेवा से जुड़े सदस्यों ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्ला फरीदी ने बताया कि चुनाव से पहले माई की रसोई शुरू करने का वादा किया गया था। अब ओम जी यादव एवं सुमित मानसिंहका की टीम के सहयोग से यह पहल शुरू हुई है। मुख्य पार्षद कमरून निशा संयोजक के रूप में इसकी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस सेवा को निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।रसोई के संचालन में रवि कुमार, प्रियेश रंजन, किस्मत यादव, इमरान फरीदी, सद्दाब आलम, आशीष चौरसिया, आदिल, पप्पू चौबे, इंद्र प्रताप सिंह, गुड्डू आजाद और विनोद कुमार सिंह सहित कई लोग श्रमदान कर रहे हैं। वहीं, भोजन तैयार करने में गोल्डन कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता और अशोक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका है।दोपहर 12 से एक बजे तक मिलेगा भोजन आयोजन समिति के अनुसार, माई की रसोई में प्रतिदिन दोपहर 12 से एक बजे तक भोजन की व्यवस्था है। इसी अवधि में भोजन के लिए टोकन भी दिया जाएगा। समिति ने जरूरतमंदों से निर्धारित समय पर पहुंचकर इस सेवा का लाभ उठाने की अपील की है।




