बक्सर। एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में आयोजित जिला स्तरीय 32वीं स्टूडेंट कांग्रेस विज्ञान प्रदर्शनी में फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिले के 23 विद्यालयों की सहभागिता वाली इस प्रदर्शनी में फाउंडेशन स्कूल के प्रस्तुत छह विज्ञान मॉडलों में से तीन का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।
चयनित विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा में अभिभावकों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।चयनित मॉडलों में एलपीजी के विकल्प के रूप में एसिटिलीन गैस से संचालित चूल्हे की कार्यप्रणाली, अनाज से निर्मित खाद्य योग्य प्लेट एवं कटलरी और मिट्टी की उर्वरता पर बेकार गत्ते के कागज के प्रभाव से संबंधित प्रयोग शामिल हैं।इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऊर्जा के विकल्प, पर्यावरण संरक्षण और कृषि से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने का प्रयास किया।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेना सफलता की पहली सीढ़ी है। विद्यार्थियों को जीत-हार की चिंता किए बिना सीखने और नए प्रयोग करने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच, स्वतंत्र चिंतन और नवाचार को प्रोत्साहित करने से बच्चों में समस्या-समाधान की क्षमता विकसित होती है।विद्यालय में संचालित अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक मॉडल में बदलने का अवसर दिया जाता है। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।




