बक्सर, 27 अक्टूबर। फाउंडेशन स्कूल, बक्सर में मंगलवार को इन्वेस्टिचर समारोह का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चयनित छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यालय के चार हाउस विवेकानंद, सुभाष, टैगोर और कलाम के कैप्टन, वाइस कैप्टन, चीफ प्रीफेक्ट सहित अन्य पदाधिकारियों का चयन किया गया। प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों को भी नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई।चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और शारीरिक दक्षता को आधार बनाया गया। इसमें कुल 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 40 का चयन हुआ।
चयनित विद्यार्थियों को बैज और कैप पहनाकर सम्मानित किया गया।विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार त्रिगुण ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व के गुण विकसित करने के लिए विद्यालय सबसे उपयुक्त मंच है।
उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और टीम भावना के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की सलाह दी।मुख्य अतिथि डॉ. जयराम चौधरी ने विद्यार्थियों को नेतृत्व की महत्ता बताते हुए दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनने की अपील की। एकेडमिक हेड डॉ. एसके दुबे ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल शिक्षक एसके तिवारी, सरदार सिंह, इमरान खान और चंदन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्कूल कैप्टन सुधांशु पाठक, गर्ल्स कैप्टन साक्षी और परेड कैप्टन अभिषेक ने विद्यालय के प्रति आभार जताते हुए जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प लिया।




