बक्सर। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्य स्तरीय आयोजन में भाग लेने के लिए बक्सर जिले के चयनित बाल वैज्ञानिक छह प्रोजेक्ट लेकर बेगूसराय के लिए रवाना हो गए हैं। बेगूसराय स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता में चयनित छात्र-छात्राएं वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, जिज्ञासा और नवाचार के माध्यम से अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। छह अलग-अलग प्रोजेक्ट के जरिए बाल वैज्ञानिक अपनी वैज्ञानिक समझ और शोध क्षमता का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय मंच पर बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर अपने आसपास की समस्याओं को समझने, उनके वैज्ञानिक समाधान खोजने और नए प्रयोग करने का अवसर प्रदान करती है।
जिले के विद्यार्थियों के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से शिक्षकों और शिक्षा जगत में उत्साह है। उम्मीद जताई जा रही है कि बाल वैज्ञानिक अपने बेहतर प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करेंगे।




