बक्सर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी निहारिका छवि ने की।
इस दौरान सरदार पटेल के देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों से राष्ट्रीय एकता की भावना को अपने दैनिक जीवन और कार्यशैली में अपनाने की अपील की गई।वहीं, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर नगर थाना में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें सदर डीएसपी गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
दूसरी ओर, औद्योगिक थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष सोनू पासवान के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें ग्रामीणों के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया। सभी कार्यक्रमों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।




