बक्सर,। चौसा नगर पंचायत के चौसा बाजार स्थित साक्षरता भवन सह रामलीला मंच पर तालाबंदी के बाद उत्पन्न विवाद को लेकर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने सामाजिक पहल की है। उन्होंने प्रशासन और सनातनी श्रद्धालुओं के बीच संवाद एवं सामंजस्य स्थापित कर रामलीला का आयोजन सुचारू रूप से जारी रखने की अपील की है।
राजकुमार चौबे ने कहा कि चौसा में वर्ष 1925 से रामलीला का मंचन होता आ रहा है। इस वर्ष पांच दिनों का मंचन पूरा हो चुका है, जबकि चार दिनों का आयोजन शेष है।
ऐसे में रामलीला मंच पर ताला लगाया जाना स्थानीय लोगों की नाराजगी का कारण बना है।उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर ताला खुलवाने, तालाबंदी की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।




