बक्सर, हमारे संवाददाता। शहर के ज्योति चौक पर नगर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन कराना और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना था। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान करीब ढाई लाख रुपये की राशि वसूल की गई।चेकिंग के दौरान चालकों के वैध लाइसेंस, गाड़ी के रजिस्ट्रेशन पेपर, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की गई। दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट की जांच की गई। वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट की मौजूदगी भी देखी गई।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और दुर्घटनाओं को कम करना है। उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।अभियान के दौरान यातायात डीएसपी संतोष सिंह,सदर सीओ राहुल कुमार,नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।




