बक्सर। ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने शनिवार को ट्रेन में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
इनके पास से 20.25 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 12,690 रुपये बताई गई है।आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट बक्सर और जीआरपी बक्सर की टीम ने गाड़ी संख्या 63230 डाउन में जांच अभियान चलाया।
बक्सर और डुमरांव रेलवे स्टेशन के बीच सुबह करीब 7:42 बजे जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर पैसेंजर ट्रेन की सीट में छिपाकर रखी गई 8 पीएम व्हिस्की की 750 एमएल की कुल 27 बोतलें बरामद हुईं।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नया टोला देदौर निवासी जयप्रकाश राय (35 वर्ष), पिता स्व. खिझा राय और देदौर निवासी सोनू राय (25 वर्ष), पिता कृष्णा राय के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया।




