बक्सर। आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा और बाजार में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को बक्सर नगर क्षेत्र में पटाखा एवं मिठाई दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में सुरक्षा, स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों की जांच की और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बक्सर सदर, राजस्व पदाधिकारी, थानाध्यक्ष बक्सर सहित पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, लाइसेंस, भंडारण एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
दुकानदारों को नियमों के अनुरूप ही पटाखों का भंडारण और बिक्री करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।वहीं, मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, मिठाइयों की ताजगी एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
दुकानदारों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने और दुकानों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की हिदायत दी गई।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने और सुरक्षित तरीके से पर्व मनाने की अपील की।




