
बक्सर। गया से पिंडदान कर अयोध्या जा रहे तमिलनाडु के 27 श्रद्धालुओं से भरी बस सोमवार की सुबह करीब चार बजे वीर कुंवर सिंह सेतु पर आगे चल रहे टेलर से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 24 श्रद्धालु घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर टेलर से जा टकराई।
टक्कर में चालक को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य श्रद्धालुओं की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बस में सवार श्रद्धालु गया में पिंडदान करने के बाद अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे।
घायलों में के. वेणु राव, के. राजेश्वरी राव, के. नारायण राव, के. स्वामी राव, के. विजयल राव, के. संपत राव, पी. इलैया, जी. राम रेड्डी, जी. राजू रेड्डी समेत अन्य शामिल हैं।



