बक्सर। सिमरी थाना क्षेत्र के खरहाटांड़-डुमरी पथ पर महरौली मोड़ के समीप शनिवार की रात बाइक और पिकअप की सीधी टक्कर में 35 वर्षीय विकास यादव की मौत हो गई। विकास कुछ दिन पहले ही विदेश से छुट्टी लेकर घर आए थे। चार-पांच दिनों बाद उन्हें दोबारा काम पर लौटना था, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि महरौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान महरौली गांव निवासी सुदर्शन यादव उर्फ तूफानी यादव के पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि शनिवार की रात करीब 10 बजे विकास बाइक से घर से निकले थे। इसी दौरान खरहाटांड़ की ओर से डुमरी जा रही पिकअप से महरौली मोड़ के पास उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हालविकास अपने पीछे पत्नी रूनी देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के मुखिया की मौत से घर का सहारा छिन गया है। मृतक के पिता किसान हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।




