बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के यमुना चौक के समीप स्थित केसरी जनरल स्टोर में गुरुवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान से घना धुआं निकलने लगा।
आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।मिली जानकारी के अनुसार, यमुना चौक के समीप बबलू केसरी की केसरी जनरल स्टोर नाम से दुकान संचालित है। गुरुवार देर रात दुकान में अचानक आग लग गई। शुरुआती दौर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल बक्सर अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। आग से दुकान में रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन नहीं हो सका था।
आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता नहीं चल पाया है।




