मुख्य खबरों पर जाएं
बक्सर की आवाज़ • आपके साथ
बिहार • भोजपुर • आरा • बक्सर
होम / खबर
बक्सर • बिहार • शिक्षा

डॉ. आंबेडकर आवासीय विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण।

केसठ के रामपुर में डॉ. आंबेडकर आवासीय विद्यालय का डीएम साहिला ने निरीक्षण किया। भोजन, पढ़ाई, स्वास्थ्य और सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए।

कार्यालय में दस्तावेजों पर चर्चा करते अधिकारी

बक्सर। केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. आंबेडकर आवासीय विद्यालय का निरीक्षण डीएम साहिला ने शनिवार को किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रों के आवासन, भोजन, स्वास्थ्य, पुस्तकालय और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने विद्यालय में आवासित छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी अरविंद कुमार को छात्रों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों की सुविधा के लिए संध्या के बाद भी लाइब्रेरी खुली रखने तथा पर्याप्त उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था करने को कहा।

विद्यालय की आधारभूत संरचना में सुधार के लिए भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को कमरों का रंग-रोगन, दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत और शौचालयों की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने का निर्देश दिया। साथ ही कंप्यूटर कक्षा शुरू कराने, म्यूजिक सामग्री और खेलकूद के संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।

डीएम ने सिविल सर्जन डॉ. शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती को छात्रों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया। सीओ और थानाध्यक्ष को प्रत्येक 15 दिनों पर विद्यालय का निरीक्षण कर छात्रों से संवाद करने को कहा। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और अनधिकृत अनुपस्थिति पर कार्रवाई का निर्देश भी दिया।

मौके पर डीडीसी निहारिका छवि, ओएसडी रवि बहादुर और एसडीएम राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

← प्रमुख खबरें पढ़ें