बक्सर। जिले में मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जल-जीवन-हरियाली दिवस का आयोजन किया गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की उपस्थिति में जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘जल-जीवन-हरियाली : जन जागरूकता से सतत विकास की ओर सामूहिक पहल’ रखी गई थी।इस दौरान राज्यस्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में जल संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल और हरियाली का संरक्षण केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है। जैव विविधता और जीव-जंतुओं के अस्तित्व की रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से पानी की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा तालाब, पोखर और कुओं जैसे पारंपरिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की अपील की। साथ ही पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी संदेश दिया गया। प्रशासन ने जल-जीवन-हरियाली अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।




