बक्सर। दीपावली के पावन पर्व पर बक्सर पुलिस ने सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल करते हुए ग्रामीण अंचलों के महादलित टोलों में जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में जिले के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने महादलित बस्तियों में पहुंचकर दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किए। वहीं, बच्चों और उनके परिवारों के बीच मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। पुलिसकर्मियों को अपने बीच पाकर बच्चों और ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इस पहल के माध्यम से पुलिस ने समाज के वंचित और जरूरतमंद परिवारों के बीच अपनत्व और सहयोग का संदेश दिया।
बक्सर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला पहुंचाना और त्योहार की प्रसन्नता में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, प्रेम और सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य रहा।
पुलिस प्रशासन ने संदेश दिया कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी पर्व है। बक्सर पुलिस ने अपनी इस पहल से सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश दिया।




