बक्सर। शहर के नया बाजार स्थित श्री सीताराम विवाह महोत्सव राम जानकी आश्रम में इस वर्ष धार्मिक आयोजनों की विशेष धूम रहेगी। सीताराम विवाह महोत्सव में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आगमन होगा। वे 13 से 16 दिसंबर तक चार दिवसीय कथा करेंगे। कथा के अंतिम दिन दिव्य दर्शन दरबार का भी आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दी है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि बक्सर में आयोजित होने वाले सीताराम विवाह महोत्सव में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को आमंत्रित करने के लिए वे स्वयं बागेश्वर धाम पहुंचे थे। वहां उनसे मुलाकात कर कार्यक्रम की तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम सरकार के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू की जाएंगी। जल्द ही वे बक्सर पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा होगी।बताया जा रहा है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बक्सर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन के सहयोग से व्यापक इंतजाम किए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।वहीं, सात दिसंबर से सीताराम विवाह महोत्सव की शुरुआत होगी।
दूसरी ओर, आज नया बाजार स्थित आश्रम में अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। वही महंथ राजा राम शरणदास जी महाराज ने बताया कि कार्यक्रम पहले से ही तय था और इसकी तैयारी को लेकर आज बैठक की जाएगी ।इसको लेकर आश्रम में विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं को भगवान श्री ठाकुर जी के छप्पन भोग के दर्शन होंगे। साथ ही भोग प्रसाद ग्रहण करने की भी व्यवस्था रहेगी। धार्मिक आयोजनों को लेकर आश्रम परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।




