बक्सर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी स्थित एफसीआई गोदाम के समीप सोमवार की देर रात सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल रहा।
युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक युवक को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत युवक पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मुफस्सिल थाना के पांडेयपट्टी चेकपोस्ट प्रभारी ने बताया कि मृत युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उसके परिजनों की भी खोजबीन की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।




