बक्सर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता को लेकर बुधवार को बक्सर जिला अतिथिगृह में तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने की। इसमें कार्यक्रम प्रभारी सह बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह और पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अजय सिंह ने कहा कि 24 नवंबर 2005 बिहार के इतिहास में ऐतिहासिक दिन है।
इसी दिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी और बिहार में सुशासन के नए युग की शुरुआत हुई। उनके नेतृत्व में सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए। वहीं शराबबंदी, दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाकर सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।
बैठक में अशोक प्रजापति, विनोद राय, अरुण कुमार सिंह, नथुनी खरवार, प्रभु गोंड, बबन चौधरी, दिनेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरेन्द्र सिंह, संजय सिंह, मोहन चौधरी, राजीव राय, जितेंद्र कुमार सिंह, विमलेन्द्र कुमार पांडेय, विनोद सिंह, अनिरुद्ध तिवारी, दुर्गावती देवी, सरिता देवी, आजाद सिंह राठौर, पंकज मानसिंहका सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




