बक्सर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बैरी गांव में मंगलवार की देर शाम जमीन विवाद को लेकर हुई अंधाधुंध फायरिंग में घायल पवन तिवारी (40 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में कुल तीन लोग गोली लगने से जख्मी हुए थे।
पवन तिवारी को एक गोली लगी थी, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज अभी जारी है। सभी को गंभीर हालत में बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम है।मामले में सदर डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंची थी।
जांच के दौरान पांच खोखा बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल पिस्टल से फायरिंग में किया गया था। इसके अलावा दुनाली बंदूक से भी दो राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
इस तरह पुलिस की जांच में कुल सात राउंड फायरिंग के साक्ष्य मिले हैं। वहीं, पीड़ित पक्ष की ओर से करीब 100 राउंड गोली चलने का आरोप लगाया गया है।डीएसपी ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए दोनों हथियार पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। इन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा।
वहीं, थाना में आत्मसमर्पण करने वाले पुतुल तिवारी को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




