बक्सर। रामरेखा घाट स्थित अनुमंडलीय पुस्तकालय को बेहतर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन की ओर से पहल की जा रही है। अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के विशेष प्रयास से शुरू हुई इस पहल को अब सामाजिक सहयोग भी मिलने लगा है। इसी कड़ी में समाजसेवी रामजी सिंह ने पुस्तकालय के विकास में सहयोग की अपील करते हुए स्वयं भी पहल की है।
इस दौरान बक्सर में रहकर शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्तमान में अंचलाधिकारी के पद पर कार्यरत अपर्णा ने बीपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कई महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध कराई हैं।
वहीं, बक्सर निवासी एवं वर्तमान में औरंगाबाद में नियोजन पदाधिकारी सोनू जायसवाल ने पुस्तकालय को पॉकेट पेपरवेट और सौंदर्यीकरण के लिए गमलों सहित 10 मिनी प्लांट भेंट किए।रामजी सिंह ने कहा कि यह पुस्तकालय उन विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा, जो आर्थिक तंगी के कारण महंगे कोचिंग संस्थानों और अध्ययन केंद्रों का खर्च नहीं उठा पाते हैं। यहां सैकड़ों विद्यार्थियों को निःशुल्क और बेहतर अध्ययन का वातावरण मिल सकेगा।उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए हमेशा बड़े आर्थिक सहयोग की जरूरत नहीं होती। एक पुस्तक, एक पौधा या जरूरत की छोटी-सी सामग्री भी किसी विद्यार्थी के भविष्य को नई दिशा दे सकती है।
उन्होंने एसडीओ अविनाश कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों, व्यवसायियों, शिक्षित युवाओं और समाजसेवियों से पुस्तकालय के विकास में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य इस पुस्तकालय को केवल किताबें पढ़ने का स्थान नहीं, बल्कि बक्सर के युवाओं के सपनों और सुनहरे भविष्य का मजबूत केंद्र बनाना है।




