बक्सर। शहर के नया बाजार स्थित सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में आयोजित होने वाले सीताराम विवाह महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के अवसर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन 13 से 16 दिसंबर तक किया जाएगा।
कथा में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए हवाई अड्डा परिसर में विशाल पंडाल बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं के भोजन, आवासन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी राकेश राय एवं बबली दुबे को सौंपी गई है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर आश्रम परिसर में महंत श्री राजाराम शरण दास जी महाराज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने बताया कि हाल ही में वे कोलकाता में आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज की कथा में शामिल हुए थे। वहां कार्यक्रम की भव्यता और व्यापक व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने बक्सर में इतने बड़े आयोजन की जिम्मेदारी संभालने में असमर्थता जताई थी। इस दौरान राजेंद्र दास जी महाराज ने उनका हौसला बढ़ाया और चार दिवसीय कथा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम महाराज ने भी आश्वस्त किया कि महाराज जी आप चिंता न करें, सारी व्यवस्थाएं हो जाएंगी। हालांकि, महंत राजाराम शरण दास जी महाराज ने स्पष्ट किया कि इस भव्य आयोजन को स्थानीय लोगों के सहयोग और सहभागिता से ही सफल बनाया जाएगा।




