बक्सर। मोकामा के चर्चित विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार के बक्सर पहुंचने पर शुक्रवार को समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पटना से प्रयागराज जाने के दौरान दलसागर टोल प्लाजा के समीप ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें चांदी का आकर्षक मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया।दलसागर टोल प्लाजा पर विधायक के काफिले के पहुंचते ही समर्थकों की भीड़ जुट गई। लोगों ने नारेबाजी और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
जानकारी के अनुसार, पटना से प्रयागराज तक अनंत सिंह के स्वागत के लिए कुल 58 स्थान निर्धारित किए गए हैं। इसी क्रम में बक्सर में भी भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।इसके बाद अनंत सिंह का काफिला शहर के चरित्रवन स्थित सहजानंद सरस्वती आश्रम पहुंचा। यहां उन्होंने महान समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने उन्हें बड़े फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, उन्हें पहनाया गया आकर्षक चांदी का मुकुट अविनाश पांडेय द्वारा तैयार किया गया था। मुकुट को लेकर भी लोगों में खासा आकर्षण देखने को मिला।आश्रम परिसर में काफी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अनंत सिंह ने कुछ देर रुककर समर्थकों से मुलाकात की। इसके बाद उनका काफिला प्रयागराज के लिए रवाना हो गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दलसागर टोल प्लाजा से सहजानंद सरस्वती आश्रम तक समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा।




