बक्सर। भैया दूज के अवसर पर मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गोधन कुटाई की पारंपरिक रस्म श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई गई।
इस मौके पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए व्रत रखा। महिलाओं ने घरों और मोहल्लों में सामूहिक रूप से गोबर से गोधन की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गोधन की कुटाई की गई।
शहर के विराटनगर, बाजार समिति रोड, पांडेयपट्टी, नई बाजार, वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, सिविल लाइन और बुधनपुर समेत कई मोहल्लों में महिलाओं ने एकजुट होकर गोधन पूजा का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए और परिवार की सुख-शांति तथा भाइयों की दीर्घायु की कामना की। पूजा के बाद गोधन को भोग अर्पित किया गया।
वहीं, सदर प्रखंड के रामोबरिया, मझरिया, खैराटी और पड़री समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में भी यह परंपरा उत्साहपूर्वक निभाई गई। कई जगहों पर महिलाओं और युवतियों ने समूह बनाकर पूजा की।
इसके साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अन्नकूट महोत्सव एवं गोवर्धन पूजा भी धूमधाम से मनाई गई। मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज की पूजा कर भोग लगाया गया। पर्व को लेकर पूरे इलाके में उत्सवी माहौल बना रहा।




