बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के धोबी घाट मोहल्ले में मंगलवार की शाम गोली चलने की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगा है। पूरी वारदात मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किया है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने गोली चलने और घटना के सीसीटीवी में कैद होने की पुष्टि की है।
घटना को लेकर धोबी घाट गली नंबर पांच निवासी 26 वर्षीय शुभम तिवारी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना से कुछ देर पहले उनके मोबाइल पर फोन कर गोली मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद वह परिवार के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार लोग पहुंचे और गोली चलाकर फरार हो गए।
रेस्टोरेंट संचालक से दूर रहने की दी गई थी चेतावनीशुभम तिवारी ने अपनी शिकायत में सन्नी वर्मा, राहुल पांडेय, यशवंत सिंह उर्फ छोटे समेत अन्य लोगों पर घटना में संलिप्तता की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि फोन पर धमकी देने वाले व्यक्ति ने उन्हें स्वागत रेस्टोरेंट के संचालक राहुल पांडेय से दूर रहने की चेतावनी दी थी।
शुभम के अनुसार, पूर्व में भी जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में उन्होंने न्यायालय में सनहा दर्ज कराया था।सघटनास्थल से खाली कारतूस मिलने और सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस फुटेज के जरिए बाइक सवारों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल शिकायत में नामजद और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।




