मुख्य खबरों पर जाएं
बक्सर की आवाज़ • आपके साथ
बिहार • भोजपुर • आरा • बक्सर
होम / खबर
बक्सर

एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में मिठाई कारखाने व दुकानों पर छापेमारी, भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई जब्त।

बक्सर स्टेशन के आसपास मिठाई दुकानों की भी हुई जांच, त्योहारों पर मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन सख्त।

एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में मिठाई कारखाने व दुकानों पर छापेमारी, भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई जब्त। से संबंधित तस्वीर

बक्सर। दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय के नेतृत्व में शहर में मिठाई कारखानों और दुकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पीपी रोड स्थित बंगला घाट के समीप मिठाई बनाने वाले एक कारखाने से भारी मात्रा में संदिग्ध मिठाई और अन्य सामान बरामद किया गया।

इसके साथ ही बक्सर रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित मिठाई दुकानों में भी छापेमारी कर जांच-पड़ताल की गई।बंगला घाट स्थित कारखाने में जांच के दौरान संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। एसडीएम अविनाश कुमार ने कारखाने की स्थिति और वहां तैयार की जा रही मिठाइयों का जायजा लिया। वहीं, एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पुलिस बल के साथ पूरी कार्रवाई की निगरानी की। इसके बाद नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने पुलिस बल के सहयोग से कारखाने में मौजूद मिठाई एवं अन्य सामान जब्त कर परिसर को सील कर दिया।

प्रशासन की टीम ने स्टेशन के आसपास मिठाई दुकानों में भी जांच की। त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाइयों की बिक्री की आशंका को देखते हुए दुकानदारों को आवश्यक नियमों का पालन करने को लेकर सतर्क किया गया।एसडीएम अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करना गंभीर मामला है। संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की ओर से आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी।

← प्रमुख खबरें पढ़ें