बक्सर। गंगा उत्सव एवं छठ महापर्व की तैयारियों के बीच शनिवार को नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत बक्सर के रामरेखा घाट और डुमरांव के छठिया पोखर पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया।
रामरेखा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सह जिला गंगा समिति की अध्यक्ष साहिला शामिल हुईं। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर मां गंगा की आरती की गई।आरती के दौरान पूरा घाट श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सराबोर रहा।
दीपों की जगमगाहट और मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक हो उठा। कार्यक्रम के माध्यम से मां गंगा की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी की निर्मलता, अविरलता और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इस दौरान लोगों से गंगा नदी और अन्य जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री नहीं प्रवाहित करने, घाटों को स्वच्छ रखने तथा जलस्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से गंगा की स्वच्छता और संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रशासन का संदेश है कि गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।




