बक्सर। सदर प्रखंड के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय दहीवर में छठ महापर्व के अवसर पर ‘छठ महापर्व : हमार संस्कृति, हमारा गौरव’ विषय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने छठ महापर्व से जुड़े पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय और छठमय हो उठा। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोक आस्था के महापर्व छठ की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्ता को रेखांकित किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-कर्मी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और लोक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का भी सुंदर संदेश दिया।




