बक्सर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के समीप शनिवार की सुबह फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। देवघर (झारखंड) से बहराइच (उत्तर प्रदेश) जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार पांच लोगों में दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी 46 वर्षीय आकाश दीक्षित और और उनके पुत्री पीहू कुमारी बताई जा रही है। वहीं घायल आराधना मिश्रा के पति आशुतोष मिश्रा का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना कृष्णाब्रह्म पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा परिजनों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन,ज्योति दीक्षित की गम्भीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।वहीं,अन्य दो लोगों की निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
अपनों को खोने के गम में बिलखते रहे परिजन :हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन बक्सर पहुंच गए। अस्पताल में अपनों की मौत की खबर सुनते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
किसी की आंखों में अपनों को खोने का असहनीय दर्द था तो कोई बदहवास होकर अपने प्रियजनों को याद कर बिलख रहा था। परिजनों के करुण विलाप से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। एक ही वाहन में सफर कर रहे लोगों के साथ हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। सुबह की शुरुआत जिन परिवारों के लिए एक सामान्य यात्रा के रूप में हुई थी, उनके लिए यह दिन कभी न भूलने वाला मातम बन गया।




