बक्सर। दीपावली की पूर्व संध्या पर शहर के चरित्रवन स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी सहित कृतपुरा, लाढोपुर और दानी कुटिया स्थित रेडियंट पब्लिक स्कूल में उत्सवी माहौल देखने को मिला।
विद्यालय में आयोजित रंगोली, दीया डेकोरेशन और क्राफ्ट प्रतियोगिता में कक्षा एक से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने रंगों और सजावटी सामग्रियों से आकर्षक रंगोलियां, खूबसूरत दीये और मनमोहक कलाकृतियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।आयोजन के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
भगवान श्रीराम के 14 वर्षों का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने की प्रसंग सुनाते हुए दीपोत्सव की परंपरा से परिचित कराया गया। साथ ही स्वच्छता, आपसी प्रेम, सद्भाव और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का संदेश दिया गया।विद्यालय के निदेशक पारसनाथ सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य किताबी ज्ञान के साथ बच्चों की रचनात्मकता और मौलिक सोच विकसित करना भी है।
प्रधानाध्यापक जय प्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उप प्रधानाध्यापिका श्यामली सिंह ने कहा कि प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भारतीय संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में हितेश, तृप्ति, दिव्या, शिवानी, नीलेश, सताक्षी, प्रिया, सिद्धार्थ गौतम, आनंद कुमार, आरुषि, प्रियांशु, तेजस्वी और कृतिका सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में प्रभाकर मिश्रा, रघुनाथ शर्मा, चंदन सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




