बक्सर। छठ पूजा की महत्ता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डुमरांव विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी एवं वर्तमान में जदयू मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा ने शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान अंजुम आरा ने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का अनुपम प्रतीक है। इस महापर्व में व्रती कठिन तपस्या और अटूट श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर बेहतर व्यवस्था करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने छठ पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।




