बक्सर। जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित 24 कुंडीय राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ के शुभारंभ को लेकर शनिवार को धनसोई में भव्य गुरुजन एवं कलश शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।शोभायात्रा यज्ञशाला से प्रारंभ होकर धनसोई के मुख्य बाजार होते हुए जंगली बाबा घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलभरी की गई। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः यज्ञशाला पहुंचे। वहां कलशधारी माताओं एवं बहनों की आरती उतारकर स्वागत किया गया।
महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर 27 नवंबर को यज्ञ समिति की बैठक हरिनारायण साहू की अध्यक्षता में जनता महाविद्यालय, धनसोई में हुई थी। बैठक में जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट एवं गायत्री शक्तिपीठ, बक्सर के मुख्य प्रबंधक दृष्टि राम नंद तिवारी ने महायज्ञ के कार्यक्रमों की जानकारी दी थी।बैठक में दीप नारायण प्रसाद, रघुनाथ जी, समचन्द्र जी, राजू पांडे, नरेंद्र राय, राजकिशोर, काशी नाथ सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, मनोज राय, बृजेश पटेल, मुन्ना देवी एवं राजकुमारी देवी सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए थे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया था।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 नवंबर को देवपूजन एवं यज्ञ, कार्यकर्ता गोष्ठी तथा संगीत-प्रवचन का आयोजन होगा। 30 नवंबर को यज्ञ, संगीत-प्रवचन एवं दीप महायज्ञ आयोजित किया जाएगा।
वहीं, एक दिसंबर को पूर्णाहुति, संकल्प गोष्ठी एवं महाप्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन होगा।आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से महायज्ञ में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




