बक्सर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में शुक्रवार को बाल दिवस की पूर्व संध्या पर बाल-क्रीड़ा एवं बाल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में खेलकूद के साथ बच्चों को अपनी बात रखने का अवसर भी मिला।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि बाल दिवस पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति विशेष स्नेह और लगाव की याद दिलाता है। बच्चों का स्वच्छ वर्तमान और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर दौड़, लंबी कूद, स्पून रेस और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में नर्सरी के शिवांश और मुस्कान ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं सीनियर वर्ग में आनंद, सलोनी और अमृता ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नौवीं कक्षा की प्रतियोगिताओं में सोनाली भारद्वाज, अर्पित सिंह, अनमोल और राजनंदिनी ने विभिन्न स्थान हासिल किए।कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही बाल संवाद के तहत बच्चों ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर अपने विचार, अनुभव और सुझाव साझा किए।
आयोजन का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करना था।




